Sep 20, 2012, 08.00AM IST
एनबीटी न्यूज ॥ गुड़गांव
सिटी के पॉश एरिया डीएलएफ में फ्लैट बुकिंग के नाम पर 2.5 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इस मामले में शहर की एक नामी कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी समेत 6 आला अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
डीएलएफ फेज-3 में रहने वाले जितेेंद्र पाल सिंह भसीन ने कुछ समय पहले कोर्ट में एक शिकायत दी। इसमें कहा गया था कि उन्होंने मार्च, 2008 में डीएलएफ फेज-1 के अर्जुन मार्ग सहित डीएलएफ यूनिवर्सल प्राइवेट लिमिटेड के एक प्रोजेक्ट में 2 फ्लैट बुक कराए थे। इन फ्लैटों की कीमत करीब 6 करोड़ थी। एडवांस बुकिंग के नाम पर कंपनी को 2 करोड़ 52 लाख रुपये की रकम दी गई। यह राशि कई किस्तों में दी गई। इसके बाद कंपनी की ओर से उन्हें प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद फ्लैट देने का हवाला दिया जाता रहा। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद उन्हें न तो फ्लैट दिए गए और न ही रकम। पूछने पर कंपनी के अधिकारी बार बार कुछ न कुछ बहाना बनाकर उसे टाल देते। कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई रकम की पूरी रसीद व कागजात उनके पास हैं।
इस पर कोर्ट ने संबंधित पुलिस थाना को इस बारे में कंस्ट्रक्शन कंपनी समेत उसके अधिकारियों पर केस दर्ज करने के आदेश दिए। डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी टी. सी. गोयल, अनिल सचदेवा, वाइस प्रेजिडेंट लीगल पूनम मदान, इग्जेक्युटिव डायरेक्टर सुभाष भट्टा के अलावा एक बिल्डर कंपनी के खिलाफ केस दर्ज किया। मामले की जांच कर रहे डीएलएफ फेज-1 थाना के एएसआई विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कंपनी के एमडी समेत 6 लोगों पर केस दर्ज किया। पुलिस शिकायतकर्ता को लेकर जल्द ही प्रोजेक्ट स्थल पर जाकर मामले की जांच करेगी। इसके बाद आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
http://navbharattimes.indiatimes.com/6-file-a-case-including-the-company39s-renowned-md/articleshow/16467024.cms
News Published Under: Gurgaon | Comments Off
Comments are closed.