« | Home | »


प्लाट के विवाद में चली गोली, तीन जख्मी

Add comment   |   March 29, 2012    10:15am   |Contributed by MANOJa

गुड़गांव। बिलासपुर क्षेत्र के लांगड़ा गांव में पांच सौ गज के प्लाट को लेकर दो गुटों में हुई मारपीट के दौरान गोलियां चलीं। झगड़े में महिला सहित तीन लोग घायल हो गए हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सेवानिवृत्त फौजी और उसके दो बेटाें सहित अन्य के खिलाफ मारपीट करने, जानलेवा हमला करने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

लांगड़ा गांव के रहने वाले सुभाष पुत्र करण सिंह और कर्मवीर पुत्र मीर सिंह का गांव में ही 500 गज का प्लाट है। बुधवार की सुबह दोनों अपने परिवार के साथ प्लॉट की सफाई कर रहे थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला रिटायर्ड फौजी रामस्वरूप अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आ गया और प्लॉट पर अपना हक जमाने लगा। इस दौरान उसके दोनों बेटे और घर की महिलाएं भी आ गईं। कुछ देर में ही दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। रिटायर्ड फौजी की बंदूक से चली गोली से सुभाष और उसकी पत्नी सविता के साथ कर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सिविल अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेडिसिटी के लिए रेफर किया गया है। बिलासपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रामस्वरूप और उसके दोनों बेटों के साथ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि रिटायर्ड फौजी और घायल पक्ष के लोग एक ही खानदान से ताल्लुक रखते हैं और जमीन को लेकर उनके बीच विवाद था। उन्होंने बताया कि अब तक की छानबीन में बंदूक लाइसेंसी होने का पता चला है।

Source: http://www.amarujala.com/city/Gurgaon/Gurgaon-18559-138.html

News Published Under:   Gurgaon | No Comments »



Comments