« | Home | »


हरियाणा से दिल्ली के बीच बनेगी चार लेन रोड

Comments Off   |   September 23, 2012    10:24am   |Contributed by manoja

नवभारत टाइम्स | Sep 23, 2012, 02.38AM IST

नई दिल्ली।। वेस्ट दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने की योजना तैयार हो चुकी है। झज्जर से द्वारका तक 4 लेन की रोड बनाई जाएगी। केंद्र, दिल्ली और हरियाणा सरकार इस सड़क के लिए राजी हो गए हैं। करीब 230 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट का फायदा वेस्ट दिल्ली को तो होगा ही, हरियाणा से इंदिरा गांधी इंटरनैशनल एयरपोर्ट आने वाले लोगों के लिए भी सफर काफी आसान हो जाएगा। भविष्य मंे इस सड़क को आउटर रिंग रोड पर विकास पुरी से जोड़कर वजीराबाद तक ले जाने का प्लान भी है। ॉ

करीब 43 किमी लंबी यह सड़क हरियाणा के झज्जर से शुरू होगी और हरियाणा के ही बादली को पार कर ढांसा रेगुलेटर से गुजरती हुई नजफगढ़ और द्वारका मोड़ तक पहुंचेगी। उसके बाद यह सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से भी कनेक्ट हो जाएगी। दिल्ली सरकार के सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार की मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवे अपने रोड फंड से पैसे देने के लिए राजी हो चुकी है। अब दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कंसल्टेंट नियुक्त करने की कवायद शुरू कर दी है। हरियाणा में यह रोड अभी झज्जर से ढांसा रेगुलेटर तक करीब दो लेन की 19 किमी लंबी है तो राजधानी में ढांसा रेगुलेटर से द्वारका मोड़ तक सिंगल लेन की लगभग 25 किलोमीटर लंबी है।

दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर राजकुमार चौहान के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को लेकर हरियाणा सरकार से कई दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके बाद दिल्ली और हरियाणा सरकार दोनों ने इस प्रोजेक्ट पर अधिकारिक अप्रूवल दे दिया है। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग इस प्रोजेक्ट का एस्टीमेट बना चुका है। ढांसा रेगुलेटर से द्वारका मोड़ तक पांच क्रासिंग छावला से बिजवासन नाला, बदूसराय से ननखेरी, झटीकरा से धर्मपुर, रावता से घुम्मनहेड़ा और सरंगपुर से गालिबपुर के बीच छोटे फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। चूंकि यह चार लेन की सड़क नजफगढ़ डे्रन नंबर-8 के साथ-साथ गुजरेगी, इसलिए जमीन को लेकर कोई समस्या नहीं आने वाली है, क्योंकि अधिकतर सड़क सिंचाई विभाग की है।

चौहान ने यह भी बताया कि इस रोड को भविष्य में और लंबा कर दिया जाएगा। जब यह रोड द्वारका मोड़ तक पहुंचेगी तो उसके बाद उसे ककरौला ड्रेन तक लाया जाएगा। कंसलटेंसी में इस हिस्से को भी डाल दिया गया है। उसके बाद यह रोड आउटर रिंग रोड स्थित विकास पुरी तक आ जाएगी और वहां से सीधी विकास पुरी से वजीराबाद के करीब 22 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट से जुड़ जाएगी। इस प्रोजेक्ट को दिल्ली सरकार पहले ही अप्रूवल दे चुकी है और इसके लिए बजट भी तय किया जा चुका है। पीडब्ल्यूडी मंत्री का कहना है कि वजीराबाद से आगे इस रोड को नोएडा तक जोड़ने का भी प्लान चल रहा है। जिसका फायदा आने वाले सालों में लाखों लोगों को मिलेगा।

http://navbharattimes.indiatimes.com/will-form-a-four-lane-road-between-delhi-and-haryana/articleshow/16507533.cms

News Published Under:   Gurgaon | Comments Off



Comments are closed.