सेक्टर -52 में हूडा के 348 प्लॉट विवादों में फंसे हुए हैं। अधिकांश प्लॉट का मामला पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट में विचाराधीन है। अब इन प्लॉट अलॉटियों को सेक्टर -51 व 52 में अलटरनेट प्लॉट देने की प्लानिंग है। इन सेक्टरों में 10 मरला व एक कनाल साइज के प्लॉट कम हंै। इसके चलते आवंटियों को सेक्टर 26-26 ए , 38, 43, 47, व 49 व 50 में प्लॉट मुहैया कराने को लेकर अन प्लान जमीन की खोजबीन शुरू कर दी गई है।
हूडा ने एक दशक पहले सेक्टर -52 को लॉन्च किया था। ड्रॉ के बाद अब तक 348 लोगों को प्लॉट नहीं दिया जा सका। इनमें एक कनाल के 22, 14 मरला के 35, 10 मरला के 95, 8 मरला के 50, 6 मरला के 62, 4 मरला के 84 प्लॉट शामिल हैं। बताया गया कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट के फाइनैंशल कमिश्नर कम प्रिंसिपल सेक्रेटरी एस . एस . ढिल्लो ने आदेश जारी किए थे कि इन आवंटियों को जल्द से जल्द अलटरनेट प्लॉट दिए जाएं। इसको लेकर अधिकारियों ने सेक्टर 51 व 52 में अन प्लान जमीन की तलाश की। सेक्टर 51 में एक कनाल के 16, 14 मरला के 34, 10 मरला के 19, 8 मरला के 59, 6 मरला के 23, 4 मरला के 54 प्लॉट व सेक्टर 52 में एक कनाल का 1, 14 मरला के 2, 10 मरला के 25, 8 मरला के 43, 6 मरला के 59 व 4 मरला के 35 प्लॉट खाली पाए गए हैं।
जमीन की जांच में पाया गया है कि इन दोनों सेक्टरों में एक कनाल के 5 व 10 मरला के 51 प्लॉट कम हैं। आवंटियों को सेक्टर 26-26 ए , 38, 43, 47, 49 व 50 में प्लॉट मुहैया करवाने को लेकर जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।
हूडा के एस्टेट अफसर -2 मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि अन प्लान जमीन की तलाश कर सेक्टर 52 के विवादित प्लॉट की जगह अलॉटियों को सेक्टर 51 व 52 में प्लॉट देने का प्रपोजल है। इसको चीफ ऐडमिनिस्ट्रेटर के पास भेजा गया है। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ड्रॉ से अलॉटमेंट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
News Published Under: Gurgaon | No Comments »